Grok AI Controversy : सरकार ने X को दी Safe Harbour खोने की चेतावनी

Headings
T(ehelka desk)Grok AI Controversy : सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सेवा Grok द्वारा महिलाओं की आपत्तिजनक और अश्लील तस्वीरें बनाने के मामले में भारत सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। IT मंत्रालय (MeitY) ने कंपनी के जवाब को ‘अधूरा और अपर्याप्त’ करार देते हुए दोबारा विस्तृत जानकारी मांगी है।
सरकार की नाराजगी के कारण(Grok AI Controversy)
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, 2 जनवरी को भेजे गए नोटिस के जवाब में एक्स ने सिर्फ यह दावा किया कि वह भारतीय कानूनों का पालन करती है। हालांकि, मंत्रालय इस बात से नाखुश है कि कंपनी ने निम्नलिखित जानकारी नहीं दी:
– अब तक कितनी आपत्तिजनक पोस्ट हटाई गईं
– Grok AI के एल्गोरिदम में ऐसे कंटेंट को रोकने के लिए क्या ठोस बदलाव किए गए
– जमीनी स्तर पर की गई कार्रवाई का डेटा
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि केवल नीतिगत बयान देने से काम नहीं चलेगा, बल्कि वास्तविक कार्रवाई का प्रमाण चाहिए। सरकार ने एक्स को सख्त चेतावनी दी है कि यदि तुरंत सुधार नहीं किया गया, तो कंपनी IT Act की धारा 79 के तहत मिलने वाली ‘सेफ हार्बर’ (Safe Harbour) कानूनी सुरक्षा खो सकती है। यदि यह सुरक्षा समाप्त हो जाती है, तो प्लेटफॉर्म पर किसी भी यूजर द्वारा पोस्ट किए गए गैरकानूनी कंटेंट के लिए एक्स और उसके अधिकारियों को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया जा सकता है और उन पर आपराधिक मुकदमा चलाया जा सकता है।
ED : कोलकाता में I-PAC पर ED की छापेमारी
शिकायतों में बताया गया है कि Grok AI का दुरुपयोग कर:
– जालसाज महिलाओं की असली तस्वीरों को न्यूड या अश्लील तस्वीरों में बदल रहे हैं
– सामान्य तस्वीरें पोस्ट करने वाली महिलाओं को भी निशाना बनाया जा रहा है
– डीपफेक तकनीक का इस्तेमाल कर महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाई जा रही है
सरकार ने इसे निजता का गंभीर उल्लंघन और महिलाओं की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बताया है।IT मंत्रालय ने एक्स से जल्द से जल्द विस्तृत जवाब और ठोस कार्रवाई का डेटा मांगा है। सरकार ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि डिजिटल प्लेटफॉर्म्स को महिलाओं की सुरक्षा और गरिमा के मामले में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



